Loading...

जन्माष्टमी पर माता भद्रकाली मंदिर में विराजेंगे राधा-कृष्ण, निकली भव्य कलश यात्रा

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

जन्माष्टमी के पावन पर्व पर श्री माता भद्रकाली मंदिर परिसर में श्री राधाकृष्ण तथा राधारानी जी की प्रतिमाओं की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस धार्मिक आयोजन से पूर्व बुधवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भव्य कलश यात्रा निकालकर क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया।

कलश यात्रा श्री माता भद्रकाली मंदिर से शुरू होकर श्री खेड़ा जी महाराज, भगवान श्री नर्मदेश्वर मंदिर और श्री गोगा माड़ी सैनवाला होते हुए वापस माता भद्रकाली मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

आम्बवाला सैनवाला के पूर्व प्रधान संदीप तोमर ने बताया कि श्री राधाकृष्ण तथा राधारानी जी की प्रतिमाएं विशेष रूप से जयपुर से लाई गई हैं। जन्माष्टमी के अवसर पर सुबह नौ बजे विभिन्न धार्मिक विधियों के तहत अन्न, दूध, पुष्प और फलों से प्रतिमाओं का स्नान करवाया जाएगा। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ प्रतिमाओं को मंदिर परिसर में विधिवत स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रतिमा स्थापना से पूर्व बुधवार और बृहस्पतिवार को मंदिर परिसर में पूजा-पाठ का आयोजन किया जा रहा है। प्राण प्रतिष्ठा के बाद हवन होगा तथा श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया जाएगा। दोपहर बाद भजन-कीर्तन भी होगा।सैनवाला निवासी धर्म चंद बिंदल, पूर्व बीबीसी चेयरमैन कविता चौहान तथा पंचायत प्रधान सीमा तोमर ने बताया कि सैनवाला और आम्बवाला क्षेत्र में पहले श्री राधाकृष्ण का कोई मंदिर नहीं था।

प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा से अब क्षेत्र के श्रद्धालुओं को भगवान श्री राधाकृष्ण के पावन दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा।पंचायत प्रधान सीमा तोमर ने सभी पंचायतवासियों और श्रद्धालुओं से इस धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। जन्माष्टमी और प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर पूरे क्षेत्र में विशेष उत्साह बना हुआ है।

Related Topics: