Loading...

जमटा में पालतू कुत्ते ने दो बच्चों को काटा, बुरी तरह जख्मी

By Ankita Published: 12 May 2024, 10:10 AM | Updated: 12 May 2024, 10:10 AM 1 min read

HNN/ नाहन

जिला मुख्यालय से 13 किलोमीटर दूर जमटा में एक कुत्ते ने साढ़े चार वर्ष के बच्चे पर हमला कर उसे बुरी तरह से लहुलूहान कर दिया। कुत्ते ने बच्चे के सिर को बुरी तरह नोच दिया। घायल बच्चे को उसके परिजन तुरंत मेडिकल कॉलेज नाहन ले गए, जहां उसका उपचार किया गया। बताया जा रहा है कि इसी कुत्ते ने एक अन्य बच्ची पर भी हमला किया है।

जानकारी के अनुसार, नावणी पंचायत के जमटा में एक कुत्ते ने दो बच्चों पर हमला कर दिया। साढ़े चार साल के बच्चे को खेलते वक्त काटा। काफी मुश्किल से मासूम बच्चे को उसके परिजनों ने कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया। बच्चे के सिर पर कई टांके लगे हैं।

जमटा निवासी संजीत कुमार ने बताया कि स्वास्तिक घर के बाहर खेल रहा था। इसी बीच गांव के एक व्यक्ति के पालतू कुत्ते ने उनके बच्चे पर अचानक हमला बोल दिया। काफी जद्दोजहद के बाद कुत्ते को तो भागा दिया, लेकिन वह बच्चे को बुरी तरह जख्मी कर चुका था। वह उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज नाहन लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार किया गया।

बच्चे के सिर पर कई टांके लगे हैं। साथ ही मुंह को भी नोंचा है। इसी कुत्ते ने इशिता पुत्री राजेश को भी काटा। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। उधर, मेडिकल कॉलेज नाहन के चिकित्सा अधीक्षक डा. अमिताभ जैन ने बताया कि जमटा क्षेत्र से बच्चों को उपचार के लिए नाहन लाया गया। ये बच्चे कुत्ते ने काटे। उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी है।