स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर ऊना में अभियान तेज, 182 वाहनों की जांच, 60 के चालान
जिला ऊना में स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्कूल बसों और वैन की सघन जांच जारी है। अभियान के दौरान अब तक 182 स्कूली वाहनों की जांच की जा चुकी है और नियमों का उल्लंघन करने पर 60 वाहनों के चालान किए गए हैं।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
स्कूली वाहनों के दस्तावेजों की हो रही जांच
जिला प्रशासन के निर्देशों के तहत पुलिस और संबंधित विभागों की संयुक्त टीमों द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर स्कूल बसों और वैन की जांच की जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और सभी वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करवाना है।
अब तक 182 वाहनों की जांच, 60 के चालान
अभियान के दौरान अब तक कुल 182 स्कूल वाहनों की जांच की गई है। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 60 वाहनों के चालान किए गए, जबकि एक वाहन को जब्त भी किया गया है।
सुरक्षा मानकों की हो रही सख्ती से जांच
निरीक्षण के दौरान बसों और वैन के फिटनेस प्रमाण पत्र, पंजीकरण, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसी) सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि स्कूली वाहनों में सुरक्षा से जुड़े सभी नियमों का पालन किया जा रहा है।
बच्चों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता
उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों को निर्देश
उपायुक्त ने स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों को सभी नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं, ताकि बच्चों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और परिवहन व्यवस्था सुरक्षित बनी रहे।