Loading...

जमटा में मियावाकी तकनीक से तैयार होगा मिनी जंगल, रोटरी क्लब नाहन संगिनी ने लगाए 100 देशी पौधे

Shailesh Saini • 6 Aug 2026 • 1 Min Read

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने की दिशा में रोटरी क्लब नाहन संगिनी ने जमटा के समीप बरमन क्षेत्र में ‘मियावाकी प्लांटेशन ड्राइव’ की शुरुआत करते हुए 100 देशी प्रजातियों के पौधे रोपे। इस पहल का उद्देश्य कम भूमि पर कम समय में घना और जैव विविधता से भरपूर मिनी जंगल विकसित करना है।

पौधारोपण अभियान वन विभाग के सहयोग और वन मंडलाधिकारी (डीएफओ) नाहन के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस दौरान होमगार्ड के जवानों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान में आंवला, अनार, बान सहित कई स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए।

क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि मियावाकी तकनीक के तहत देशी पौधों को सघन रूप से रोपा जाता है, जिससे पारंपरिक पौधारोपण की तुलना में कहीं अधिक तेजी से घना वन विकसित होता है। यह तकनीक जैव विविधता बढ़ाने, भूजल संरक्षण, कार्बन अवशोषण और स्वच्छ वातावरण तैयार करने में प्रभावी मानी जाती है।

रोटरी क्लब नाहन संगिनी ने भविष्य में भी विभिन्न क्षेत्रों में मियावाकी तकनीक के माध्यम से पौधारोपण अभियान चलाने का संकल्प लिया, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ लोगों में हरित जीवनशैली के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई जा सके।

Related Topics: