जमीनी विवाद को लेकर दो परिवारों में झगड़ा, एक की मौत
HNN / बिलासपुर
जिला बिलासपुर के उपमंडल श्री नैना देवी जी के तहत आते गांव सलोआ में दो परिवारों के बीच हुए झगड़े में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। वहीं, पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर पांच लोगों को हिरासत में लिया है। मृतक की पहचान 60 वर्षीय दयाराम पुत्र मंशाराम के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार जमीनी विवाद को लेकर दो परिवारों के लोग आपस में भीड़ गए। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों परिवारों के लोग लाठी-डंडे एक दूसरे पर बरसाने लगे। इस झगड़े में दयाराम गंभीर रूप से घायल हो गया। जब उसे घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया तो उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया।
जहां उपचार के दौरान व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। बता दें कि मृतक व्यक्ति सरकारी स्कूल से चपरासी के पद से सेवानिवृत्त हुआ था। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया है। उधर, डीएसपी शेर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।