बद्दी में 8 साल की बच्ची की हत्या से सनसनी, मां गिरफ्तार! बंद कमरे के पीछे छिपा है क्या राज?
सोलन के धखनुमाजरा गांव में वारदात, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य; पोस्टमार्टम मंगलवार को एम्स बिलासपुर में होगा
हिमाचल नाऊ न्यूज़ | बद्दी
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बद्दी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। धखनुमाजरा गांव में आठ साल की मासूम बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी मां को गिरफ्तार किया है। आखिर इस वारदात के पीछे क्या वजह रही और किन परिस्थितियों में बच्ची की जान गई? इन सवालों के जवाब तलाशने में पुलिस जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला की पहचान पूनम के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की निवासी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस अधीक्षक बद्दी और फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। मौके पर मौजूद पुलिस टीम को जांच से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि मामले में पुलिस थाना बद्दी में हत्या का केस दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची के शव का पोस्टमार्टम मंगलवार, 13 अक्टूबर को एम्स बिलासपुर में करवाया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। हत्या के पीछे की वजह और घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों का पता लगाने के लिए नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।