जम्मू कश्मीर के राजौरी में बड़ा आतंकी हमला, सेना के 3 जवान शहीद, तीन जख्मी
जम्मू कश्मीर के राजौरी में गुरुवार को बड़ा आतंकी हमला हुआ है। इस हमले में सेना के तीन जवान शहीद हो गए हैं। आतंकियों ने सेना की दो गाड़ियों पर हमला कर दिया। जानकारी के मुताबिक, 20 दिसंबर की रात से राजौरी के थानामंडी में ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
21 दिसंबर की दोपहर लगभग तीन बजकर 45 मिनट पर इस ऑपरेशन साइट पर सेना के दो वाहन पहुंचे। जिस पर आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान सेना के तीन जवान शहीद हो गए जबकि तीन घायल बताए जा रहे हैं।
हमले की सूचना पुलिस और सेना के अधिकारियों को भी दी गई। घटनास्थल पर अतिरिक्त बल पहुंच गया है। आसपास के इलाके को घेर लिया गया है। सूत्रों की मानें तो आतंकियों ने पहले ग्रेनेड फेंका और फिर गोलीबारी शुरू कर दी। जवानों ने भी आतंकियों को उनके हमले का जवाब दिया। अभी दोनों तरफ से गोलीबारी हो रही है।