जम्मू-कश्मीर के रामबन में धंसी जमीन, 30 से ज्यादा घर क्षतिग्रस्त
जम्मू-कश्मीर के रामबन जिला में जमीन धंसने का मामला सामने आया है। इस आपदा की जद में वहां के 50 घर आए हैं, जिसमें से 30 बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जबकि 20 मकानों में दरारें आने से उनके भी क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है।
इनके अतिरिक्त 10 और घर पर खतरा मंडरा रहा है। रामबन-गूल रोड पर ककराला परनोर में दरारें आने पर यातायात निलंबित कर दिया गया। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति गुल है। प्रशासनिक आंकड़ों के मुताबिक 50 परिवार के 350 लोग इस आपदा से पीड़ित हैं।
बिजली आपूर्ति लाइनों के ट्रांसमिशन टावर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। हालाँकि इस आपदा में कोई जानी नुकसान होने की सूचना नहीं है। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया है और प्रशासन प्रभावित परिवारों के लिए भोजन और अन्य संबंधित सामान की व्यवस्था कर रहा है।