जम्मू में कांगड़ा के 56 वर्षीय बीएसएफ जवान की ब्रेन हेमरेज से मौत
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा के 56 वर्षीय बीएसएफ जवान की जम्मू में ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई है। बीएसएफ जवान रघुबीर सिंह पुत्र खजान सिंह पंचरुखी ब्लॉक के तहत आने वाली रक्कड़ भेडी पंचायत का रहने वाला था। सैनिक की निधन से गांव में शोक की लहर है।
जानकारी एक मुताबिक, सैनिक रघुबीर सिंह बीएसएफ में सेवाएं दे रहे थे और सेवानिवृत्ति के आखिरी सालों में ड्यूटी पर बारामूला में तैनात थे। वह इन दिनों जम्मू में हुए मतदान में ड्यूटी पर तैनात थे। इस दौरान उनके सिर में अचानक ही तेज दर्द हुआ, जिससे उन्हें ब्रेन हेमरेज हो गया।
जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में आर्मी के अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पालमपुर और शाहपुर के बड़ोई से पहुंची सैनिकों की टीम ने सैनिक सम्मान सहित अंतिम विदाई दी और उनके पैतृक गांव रक्कड़ में सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया।