Loading...

जर्जर भवनों पर गिरी निरीक्षण टीम की नजर, चार स्कूलों के सात कमरे असुरक्षित

Shailesh Saini • 12 Mar 2026 • 1 Min Read

संयुक्त समिति ने किया निरीक्षण, रिपोर्ट भेजी जाएगी निदेशक स्कूल शिक्षा को

हिमाचल नाऊ न्यूज शिलाई

शिलाई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शिक्षा खंड रोनहाट के चार विद्यालयों में जर्जर भवनों का संयुक्त निरीक्षण किया गया। भवनों की खराब स्थिति के मद्देनजर गठित समिति ने स्कूलों के कमरों का निरीक्षण कर उनकी स्थिति का आकलन किया।

निरीक्षण समिति में उपनिदेशक शिक्षा राजीव ठाकुर, शिक्षा खंड अधिकारी रोनहाट नीलम ठाकुर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अनिल ठाकुर, समग्र शिक्षा के कनिष्ठ अभियंता मोहन सिंगटा, संबंधित विद्यालयों के एसएमसी अध्यक्ष, पाठशाला प्रभारी और कार्यालय अधीक्षक गगनदीप सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

संयुक्त टीम ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला हकायना में दो कमरों, राजकीय प्राथमिक पाठशाला बोंच में दो कमरों, राजकीय प्राथमिक पाठशाला अजरोली में एक कमरे और राजकीय प्राथमिक पाठशाला जरवा में दो कमरों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान समिति ने पाया कि इन सभी कमरों की हालत अत्यंत जर्जर है और छात्रों के लिए असुरक्षित हो सकती है। इसके बाद संयुक्त निरीक्षण के आधार पर इन कमरों को असुरक्षित घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

निरीक्षण से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट निदेशक स्कूल शिक्षा हिमाचल प्रदेश को भेजी जाएगी। स्वीकृति मिलने के बाद इन जर्जर कमरों को गिराने की कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता के अनुसार नए कमरों के निर्माण के लिए बजट की मांग की जाएगी।