जल शक्ति विभाग में चोरी का बड़ा खुलासा, गिरोह का भंडाफोड़
5 आरोपी गिरफ्तार, मोटर-उपकरण और वाहन बरामद
नाहन, हिमाचल नाऊ न्यूज़
जिला सिरमौर में जल शक्ति विभाग की योजनाओं से सरकारी उपकरण चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। थाना नाहन में दर्ज मुकदमा संख्या 30/26 में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है।मामला सहायक अभियंता रोशन लाल, जल शक्ति उपमंडल नाहन की शिकायत पर दर्ज किया गया।
शिकायत के अनुसार 28 जनवरी से 21 फरवरी 2026 के बीच शम्बुवाला, मलोनवाला भूड़ और खजूरना स्थित विभिन्न जल आपूर्ति व सिंचाई योजनाओं से अज्ञात आरोपियों ने मोटर, पंप सेट, वाल्व और बिजली के केबल चोरी कर लिए थे।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच के दौरान विशाल, हरपन, सुलेमान, प्रिंस और गगन को हिरासत में लिया।
पूछताछ के आधार पर सुखचैनपुर निवासी मोहित (स्क्रैप कारोबारी) की दुकान व स्टोर पर छापेमारी की गई, जहां से चोरी का सामान बरामद हुआ।बरामदगी में तीन नई मोटरें, एक महंगा स्टार्टर, एक ऑयल सर्किट ब्रेकर सहित अन्य मैकेनिकल व इलेक्ट्रिकल उपकरण शामिल हैं।
इसके अलावा घटना में इस्तेमाल किए गए औजार—टूलकिट, लोहे की रॉड, कटर और तार के टुकड़े भी बरामद किए गए हैं।पुलिस ने चोरी का सामान ढोने में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार को भी कब्जे में लिया है।
पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जल शक्ति विभाग की संपत्ति चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है।
उन्होंने कहा कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे भी अहम खुलासे होने की संभावना है।