Loading...

ज़िले में कड़ा हुआ निगरानी का पहरा, डीसी ने किया औचक निरीक्षण

By SAPNA THAKUR Published: 11 Nov 2022, 1:06 PM 1 min read

HNN/ काँगड़ा

ज़िला निर्वाचन अधिकारी तथा उपायुक्त काँगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि मतदान की तिथि नज़दीक आने के चलते ज़िले में निगरानी के पहरे को और कड़ा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ज़िला काँगड़ा में शराब की बिक्री और वितरण पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। उपायुक्त ने इन आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित करने हेतु स्वयं धर्मशाला और काँगड़ा में विभिन्न शराब के ठेकों, रेस्टोरेंट्स और बार का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण करते हुए पाया कि सभी स्थानों में इन निर्देशों का पालन किया जा रहा है।

कड़ा हुआ निगरानी का पहरा
डॉ निपुण जिंदल ने बताया कि प्रत्याशियों की जन सभाओं की वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए पूरे ज़िले में वीडियो सर्वेलेंस टीमें लगाई गई थी। जन सभाओं के बंद होने के बाद से वह टीमें अब स्टेटिक निगरानी दलों के साथ तैनात कर दी गई हैं। जिससे स्टेटिक निगरानी दलों की संख्या में वृद्धि होगी। जिससे इस दौरान हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नज़र रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिलने पर उनको पकड़ने की दृष्टि से बनाये गये उड़न दस्ते भी अब नाके लगायेंगे।

उपायुक्त ने बताया कि प्रशासन का प्रयास है कि चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संपन्न हों। उन्होंने कहा कि मतदान की तिथि नज़दीक आने के चलते कोई भी असामाजिक तत्व मतदाताओं को डराने या मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास ना करे इसलिए निगरानी के दायरे को बढ़ाया गया है। इसके अतिरिक्त मतदाताओं को लुभाने की दृष्टि से किसी प्रकार की कोई सामग्री वितरित ना हो इसपर भी यह दल पूरी नज़र रखेंगे।