Loading...

जाइका प्रोजेक्ट से किसानों को बड़ी राहत, नई सिंचाई योजना शुरू

Shailesh Saini • 20 Mar 2026 • 1 Min Read

12.91 हेक्टेयर भूमि को मिलेगा पानी, 100 परिवारों को फायदा

हिमाचल नाऊ न्यूज़, नाहन

जिला सिरमौर के किसानों के लिए अच्छी खबर है। जाइका के सहयोग से “जोक से राजौली पनेवटा” प्रवाह सिंचाई योजना शुरू कर दी गई है, जिससे क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था मजबूत हुई है।इस योजना के शुरू होने से अब 12.91 हेक्टेयर कृषि भूमि को पानी उपलब्ध होगा।

पहले किसान केवल करीब 5 हेक्टेयर क्षेत्र में ही खेती कर पाते थे, लेकिन अब पूरे क्षेत्र में खेती संभव हो सकेगी। इससे लगभग 100 किसान परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।परियोजना के तहत मुख्य नहर, शाखा नहर, पाइपलाइन, रिटेनिंग वॉल और निरीक्षण कक्ष बनाए गए हैं।

इसके अलावा खेतों की सुरक्षा के लिए सोलर फेंसिंग भी लगाई गई है। पूरी योजना पर करीब 45 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।कूहल के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी “महासू कृषक विकास एसोसिएशन” को दी गई है, जिससे योजना का बेहतर संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. राजेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि इस योजना से किसानों को स्थायी सिंचाई सुविधा मिलेगी और उनकी आय बढ़ाने में मदद होगी।स्थानीय किसानों का कहना है कि पहले पानी की कमी के कारण खेती प्रभावित होती थी, लेकिन अब सिंचाई व्यवस्था सुधरने से उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है।