जिला के इस स्कूल में लगाई गई क्लाइमेट क्लॉक, बता रही पर्यावरण बचाने के लिए बचे मात्र…….
HNN/शिमला
राजधानी शिमला के क्रिसेंट स्कूल टुटू में प्रदेश की पहली क्लाइमेट क्लॉक लगाई गई। एनआईटी हमीरपुर के विज्ञान भारती के अध्यक्ष डॉ. अश्वनी राणा के सौजन्य से घड़ी स्कूल के गेट पर लगाई गई है। वहीं क्रिसेंट स्कूल के प्रधानाचार्य सुभाष चंद ने बताया कि क्लाइमेट क्लॉक लगाने के बाद बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ी है और वह अन्य लोगों को भी जागरूक कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि क्लाइमेट क्लॉक समय के साथ-साथ यह भी बता रही है कि आपके पास पर्यावरण बचाने के लिए मात्र 5 साल, 301 दिन, 18 घंटे, 3 मिनट और 16 सेकंड हैं। उन्होंने बताया कि घड़ी में ग्लोबल तापमान सामान्य से 1.19 डिग्री सेल्सियस अधिक है और पांच साल बाद यह तापमान 1.50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। ऐसी स्थिति में मौसम अपरिवर्तनीय हो जाएगा।
जिसके कारण या तो लगातार सूखा पड़ेगा या फिर लंबे समय तक बारिश, बाढ़ या तूफान आएंगे और 2.0 तक पहुंचने पर स्थिति हमारे हाथ से निकल जाएगी। उन्होंने बताया कि कितना भी पर्यावरण संरक्षण कर लें, लेकिन जलवायु परिवर्तन में कोई बदलाव नहीं होगा। उन्होंने बताया कि क्लाइमेट क्लॉक यह भी दिखाती है कि कार्बन डाइऑक्साइड का उत्सर्जन आज से 200 साल पहले किस गति से हुआ है और वर्तमान में किस गति से हो रहा है।