जिला के विभिन्न न्यायालय परिसरों में 11 मई को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत….

COURT-1.jpg

HNN/मंडी

जिला एवं सत्र न्यायालय मंडी परिसर एवं करसोग, गोहर, जोगिंद्रनगर, सुंदरनगर एवं सरकाघाट कोर्ट परिसर में 11 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत होगी। लोक अदालत में आपराधिक कंपाउंडेबल अपराध, चेक बाउंस मामले, मोटर व्हीकल चालान के मामलों पर सुनवाई कर निपटारा किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडी के सचिव विवेक कायस्थ ने यह जानकारी दी है।

उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त सड़क दुर्घटना क्लेम के मामले, घरेलू हिंसा विवाद, वैवाहिक विवाद आदि मामलों की सुनवाई कर निपटारा होगा। उन्होंने कहा कि जो मामले न्यायालय में अब तक दायर नहीं हुए हैं, लोक अदालत में उन मामलों का भी निपटारा किया जाएगा। लोक अदालत में समय एवं धन की बचत होती है।

न्यायालय शुल्क नहीं लगता और पुराने मुकदमे का न्यायालय शुल्क वापस हो जाता है। इसमें किसी पक्ष को सजा नहीं होती। कोई भी इच्छुक व्यक्ति यदि अपने मामलों का निपटारा करवाना चाहता है तो वह 8 मई से पूर्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय मंडी व जिला के सभी न्यायालयों में सादे कागज पर आवेदन कर सकता है या जिस अदालत में मामला विचाराधीन है, उस अदालत में भी दरख्वास्त दे सकते हैं।