जिला पुलिस की बड़ी कार्यवाही, ट्रक से पकड़ी अवैध शराब की 460 पेटियां
HNN/ बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में पुलिस की टीम ने एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। बता दें टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से अवैध शराब की 460 पेटियां पकड़ी है। पुलिस ने शराब की पेटियों को कब्जे में लेकर आरोपी ट्रक के खिलाफ मामला दर्जकर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस थाना बरमाणा की टीम शिमला-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर नम्होल के पास नाकाबंदी पर तैनात थी। इस दौरान टीम ने दाड़लाघाट की ओर से आ रहे एक ट्रक को चैकिंग के लिए रुकवाया।
तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर 360 पेटी देसी और 100 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। ट्रक चालक इन शराब की पेटियों के दस्तावेज मौके पर पेश नहीं कर पाया। मामले की पुष्टि डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने की है।