Loading...

जिला प्रधान संजय पुंडीर की अध्यक्षता में नाहन में तैयार की रणनीति

PARUL • 6 Oct 2023 • 1 Min Read

नाहन की 35 पंचायतों में जमीनी स्तर पर सदस्य जोड़ेगा कोली समाज

HNN/नाहन

कोली समाज की नाहन इकाई ने जिला कार्यकारिणी के दिशा निर्देशानुसार संगठन को पंचायत और ग्राम स्तर पर मजबूती प्रदान करने के लिए नाहन विधानसभा खेत्र की 35 पंचायतों को पांच जोन में बराबर विभाजित करने और प्रत्येक बैठक की कार्यवाही नियमानुसार रजिस्टर पर दर्ज करने का फैसला लिया।

कोली समाज की जिला कार्यकारिणी और नाहन मंडल के पदाधिकारियों की अहम बैठक प्रताप सामुदायिक भवन नाहन में हुई। इसकी अध्यक्षता जिला प्रधान संजय पुंडीर ने की। जबकि कार्यवाही का संचालन महासचिव संदीपक तोमर ने किया। बैठक में नाहन मंडल के प्रधान दीपचंद चौहान, महासचिव प्रवीण तोमर, चार जोन के अध्यक्ष और जिला कार्यकारिणी के कई सदस्य मौजूद रहे।

महासचिव संदीपक तोमर, जिला प्रधान संजय पुंडीर, पूर्व जिला प्रधान भगतराम पुंडीर ने संगठन को सही रूप से चलाने को लेकर नाहन मंडल के पदाधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में राजनीति से ऊपर संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई। गहन वार्तालाप के बाद नाहन मंडल की कार्यकारिणी का गठन सर्वसहमति से करके उसे रजिस्टर में दर्ज करने का निर्णय लिया गया।

इसके अलावा जोन स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए नाहन विधानसभा क्षेत्र की 35 पंचायतों को पांच बराबर जोन में बांटा गया। पांचवा धारटीधार जोन का प्रधान भी जल्द चुनने का फैसला लिया गया। बैठक में जोन स्तर, नाहन मंडल और जिला स्तर पर होने वाली बैठकों में नियमानुसार अपने से ऊपर की कार्यकारिणी को बुलाने की बात कही गई।

बैठक में मौजूद बनकला जोन के अध्यक्ष धनीराम, सैनवाला जोन के शौकीनचंद, बर्मापापड़ी जोन के प्रताप सिंह और नाहन जोन के अध्यक्ष गुरदयाल पंवर समेत अन्य लोगों ने सभी चीजों पर सहमति जताते हुए संविधान के अनुसार संगठन चलाने का फैसला लिया। बैठक में गांव गांव तक संगठन की पहुंच बनाने को लेकर भी चर्चा हुई। इसमें सदस्यता अभियान तेज करने और संगठन में सक्रिय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर सहमति बनी।