जिला मुख्यालय के साथ लगते कोटड़ी गांव तक पहली बार पहुंची बस
जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन से सटी नाहन पंचायत के कोटड़ी गांव का शुक्रवार को आखिरकार भाग्य खुल गया। आजादी के दशकों बाद पहली बार गांव तक बस पहुंची और लोगों को सड़क सुविधा मिली।
नाहन
जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन से सटी नाहन पंचायत के कोटड़ी गांव का शुक्रवार को आखिरकार भाग्य खुल गया। आजादी के दशकों बाद पहली बार गांव तक बस पहुंची और लोगों को सड़क सुविधा मिली। इस मौके पर विधायक अजय सोलंकी ने जुड्डा के जोहड़ से कोटड़ी गांव तक खुद बस में सफर कर सड़क का शुभारंभ किया।

गांव में बस पहुंचते ही उत्सव जैसा माहौल बन गया। ग्रामीणों ने विधायक का फूलमालाओं से स्वागत किया और लड्डू बांटकर अपनी खुशी जाहिर की। स्वागत करने वालों में पूर्व प्रधान बाबूराम, पूर्व वार्ड सदस्य परवीन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
इस दौरान एसडीएम नाहन राजीव संख्यान, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग आलोक जनवेजा, अधिशासी अभियंता बिजली बोर्ड मनोज कुमार, अधिशासी अभियंता आईपीएच देवानंद पुंडीर तथा एचआरटीसी के रीजनल मैनेजर रामदयाल सिंह भी बस में सवार होकर गांव तक पहुंचे।
ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से इस गांव को सड़क सुविधा का इंतजार था। स्थानीय निवासी रामनिवास और बच्चन सिंह ने कहा कि अब तक यहां जो भी नेता और विधायक आए, उन्होंने केवल राजनीति ही की, लेकिन नाहन के ही रहने वाले विधायक अजय सोलंकी ने क्षेत्र की समस्या को समझते हुए गांव तक सड़क पहुंचाने का काम किया है।

विधायक अजय सोलंकी ने ग्रामीणों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि फिलहाल सड़क को बस योग्य बनाकर स्वीकृति दे दी गई है और 8 मार्च को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इसके औपचारिक उद्घाटन के लिए नाहन पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान लोक निर्माण विभाग के नौ सहित कुल 17 विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि जब वे विधायक नहीं थे, तब से ही उनकी इच्छा थी कि जिला मुख्यालय के साथ लगती नाहन पंचायत, जो वर्षों से राजनीतिक उपेक्षा का शिकार रही है, वहां विकास कार्य करवाए जाएं। इसी कड़ी में जुड्डा के जोहड़ से कोटड़ी गाड़ा तक बस योग्य सड़क का निर्माण कराया गया है।
उन्होंने बताया कि नाहन पंचायत से गुजरने वाले वैकल्पिक बाईपास बनोग-धार क्यारी-कांशीवाला मार्ग को भी 12.30 करोड़ रुपये की लागत से करीब नौ किलोमीटर तक पक्का करने का कार्य प्रस्तावित है, जिसका शिलान्यास भी मुख्यमंत्री के हाथों होगा। इसके अलावा कोटड़ी गांव के लिए 40 हजार लीटर क्षमता का जल भंडारण टैंक भी स्वीकृत किया गया है।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार नाहन विधानसभा क्षेत्र में तेज गति से विकास कार्य करवा रही है और आने वाले समय में भी क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।
इस अवसर पर स्थानीय निवासी मनोज, सनी, जंग बहादुर, गंगवीर ठाकुर, कांता कृष्णा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं एचआरटीसी के चालक पवन कुमार सैनी ने भी अपने ही गांव में पहली बार विभाग की बस चलाने पर खुशी जताई।