नाहन के प्रतिष्ठित व्यवसायी विक्रांत गुप्ता के आकस्मिक निधन से शहर में शोक की लहर
विधायक अजय सोलंकी बोले — सादगी, मिलनसार स्वभाव और सामाजिक सरोकारों के लिए हमेशा याद किए जाएंगे
नाहन
नाहन शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी विक्रांत गुप्ता के आकस्मिक निधन से पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि हृदय गति रुकने के कारण उनका अचानक निधन हो गया।
उनके निधन की खबर मिलते ही व्यापार जगत सहित सामाजिक व राजनीतिक क्षेत्रों में गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है।
विक्रांत गुप्ता न केवल एक सफल व्यवसायी थे, बल्कि अपने सामाजिक सरोकारों और मिलनसार स्वभाव के कारण शहर में विशेष पहचान रखते थे।
नाहन शहर में बड़ी संख्या में लोगों के घरों में उनकी दुकान की क्रोकरी आज भी शोभा बढ़ाती नजर आती है। अपने मधुर व्यवहार और सरल स्वभाव के कारण उन्होंने समाज के हर वर्ग के लोगों से गहरा संबंध बनाया था।
उनके आकस्मिक निधन को शहर के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है। होली के पर्व के बीच अचानक आई इस दुखद खबर से शहर के लोग स्तब्ध हैं।
नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि नाहन शहर के प्रतिष्ठित और बेहद करीबी साथी विक्रांत गुप्ता के आकस्मिक निधन का समाचार हृदय को भीतर तक झकझोर देने वाला है।
उन्होंने कहा कि कल तक होली की खुशियों में शामिल रहे विक्रांत गुप्ता का यूं अचानक हार्ट अटैक से हम सबको छोड़ जाना अविश्वसनीय और अत्यंत पीड़ादायक है। अजय सोलंकी ने कहा कि अपनी सादगी, मधुर व्यवहार और मिलनसार स्वभाव से उन्होंने हर किसी के दिल में विशेष स्थान बनाया था।
उन्होंने कहा कि विक्रांत गुप्ता केवल एक समर्पित साथी ही नहीं, बल्कि पार्टी के सच्चे, निष्ठावान और कर्मठ कार्यकर्ता भी थे। विधायक ने कहा कि उनका जाना व्यक्तिगत क्षति है, जिसका दुःख शब्दों में व्यक्त करना अत्यंत कठिन है।
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।