जिला में अंडर-19 क्रिकेट टीम के लिए कल यहां होंगे ट्रायल….
HNN/चंबा
जिला चंबा की टीम के चयन के लिए अंतर जिला अंडर-19 वनडे क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता रविवार (16 जून) को सुबह 10 बजे पुलिस ग्राउंड बारगाह में आयोजित होगी। चयन प्रक्रिया के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह जानकारी जिला क्रिकेट संघ चंबा के पदाधिकारी कुलदीप ने दी है।
उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अपने साथ जन्म प्रमाणपत्र, बोनाफाइड हिमाचली तथा आधार कार्ड लेकर आना होगा। जिन खिलाड़ियों की आयु 19 वर्ष से कम है। वही, खिलाड़ी ट्रायल में भाग ले सकते हैं। यानी, पहली सितंबर 2005 के बाद जन्मे खिलाड़ियों को ही इसमें भाग लेने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 500 रुपये प्रति खिलाड़ी फीस जमा करवानी होगी, जबकि आईआरडीपी से संबंधित खिलाड़ियों के लिए चयन प्रक्रिया में भाग लेने के लिए फीस नहीं ली जाएगी।
चयन प्रक्रिया के पूरा होने के बाद बारगाह में खिलाड़ियों के लिए शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में जो खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करेंगे, उन्हें टीम में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चंबा की टीम अपना पहला मुकाबला पहली जुलाई को संतोषगढ़ मैदान में खेलेगी।