जिला में इस दिन तक अस्पतालों में बनाए जाएंगे आयुष्मान कार्ड……
HNN/कुल्लू
जिला कुल्लू में विकसित भारत संकल्प योजना के तहत पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए 24 अस्पतालों, सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की सूची जारी कर दी है। जिसके अनुसार 9 दिसंबर तक यह सेवा प्रदान की जाएगी। आयुष्मान भारत योजना के समन्वयक धर्मपाल ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के पात्र लाभार्थियों को कार्ड बनवाने के लिए घरों से दूर न जाना पड़े, इसके लिए विभाग ने शेड्यूल जारी कर दिया है।
पात्र लाभार्थी नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में अपने आयुष्मान कार्ड बना सकेंगे। विभागीय शेड्यूल के अनुसार 5 दिसंबर को नागरिक अस्पताल आनी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दलाश, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र च्वाई और शवाड़ में आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। जबकि नागरिक अस्पताल बंजार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैंज और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुशैणी में 6 दिसंबर को आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे।
वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नित्थर, बागीपुल, जगातखाना, घाटू, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अरसू, नागरिक अस्पताल निरमंड में 7 दिसंबर को, जबकि नागरिक अस्पताल मनाली, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतलीकूहल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पलचान और रायसन में 8 दिसंबर को आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। तो वहीं 9 दिसंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गड़सा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मणिकर्ण एवं भुंतर में विभागीय टीम लोकमित्र केंद्र संचालकों के साथ मिलकर सेवाएं देंगी।