जिला में उपभोक्ता इस दिन तक करवाएं ई-केवाईसी….
उपभोक्ता डिपो में जाकर ई-केवाईसी नहीं करवाते हैं तो नहीं मिलेगा राशन
HNN/ सोलन
जिला सोलन में खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग ने ई-केवाईसी यानी आधार से राशन कार्ड जोड़ने की अंतिम तिथि 31 जुलाई तय की है। अगर उपभोक्ता इस तिथि तक अपने नजदीकी राशन के डिपो में जाकर ई- केवाईसी नहीं करवाते हैं, तो उनके राशन कार्ड अस्थायी रूप से बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद उन्हें डिपो से राशन नहीं मिलेगा।
यह तिथि अंतिम बार बढ़ाई गई है। विभाग ने पारदर्शिता लाने के लिए उपभोक्ताओं के राशन कार्डों में उनकी आधार संख्या पंजीकृत करने का निर्णय लिया है। इसके माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि राशन कार्ड में दर्ज व्यक्ति का नाम, जन्म तिथि और लिंग आधार में दर्ज डेटा के अनुसार हो।
अभी तक जिला सोलन में 80 प्रतिशत से अधिक उपभोक्ताओं ने ई-केवाईसी करवा ली है। ई-केवाईसी प्रक्रिया के माध्यम से यह भी देखा जा रहा है कि राशन कार्ड में दर्ज व्यक्ति का नाम आधार में दर्ज नाम से मेल खाता है या नहीं। ऐसे उपभोक्ता जिनके नाम राशन कार्ड में तो हैं लेकिन आधार में नहीं, उनके डेटा का मिलान किया जा रहा है।
अब उपभोक्ताओं को यह सुनिश्चित करना होगा कि वे 31 जुलाई तक ई- केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर लें। वहीं खाद्य आपूर्ति विभाग के नियंत्रक नरेंद्र धीमान ने बताया ई-केवाईसी की डेट को 31 जुलाई तक बढ़ाया गया है। जिन लोगों ने अभी तक अपना राशन कार्ड आधार से लिंक नहीं करवाया है। वे जल्द अपने नजदीकी राशन डिपो में जाकर लिंक करवा लें।