जिला में दिव्यांग श्रेणी से जेबीटी अध्यापकों के भरे जाएंगे इतने पद, इस दिन तक करें आवेदन…..
HNN/चंबा
जिला चंबा में शारीरिक दिव्यांग श्रेणी से जेबीटी अध्यापकों के 6 पद भरे जाएंगे। जिसके लिए प्रारंभिक शिक्षा विभाग द्वारा कवायद शुरू कर दी गई है। शिक्षा विभाग द्वारा इसके लिए 30 दिसंबर तक आवेदन मांगे गए हैं। कार्यवाहक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुमन कुमार मिन्हास द्वारा यह जानकारी दी गई है।
उन्होंने बताया कि पात्र अभ्यर्थी तय समयावधि के भीतर विभाग के कार्यालय में आवेदन जमा करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिन अभ्यर्थियों के नाम विशेष रोजगार केंद्र विकलांग के कार्यालय में प्रायोजित किए गए हैं, उन्हें आवेदन करने की आवश्यकता नहीं रहेगी। पात्र अभ्यर्थी भर्ती एवं पदोन्नति नियमों की प्रतिलिपि प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की सूची प्रारंभिक शिक्षा विभाग चंबा के कार्यालय की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। कार्यवाहक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक ने बताया कि यह पद बैचवाइज भरे जाएंगे। उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए पात्र अभ्यर्थी विभाग के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। गौरतलब है कि इन पदों के भर जाने से जिला के सरकारी स्कूलों में चल रही जेबीटी अध्यापकों की कमी भी पूरी होगी। इस विशेष श्रेणी से संबंधित बेरोजगार युवाओं को भी रोजगार मिलेगा।