Loading...

अम्ब बीडीसी पर कांग्रेस का कब्जा, शारदा देवी बनीं अध्यक्ष और राजेश कुमार उपाध्यक्ष

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

खंड विकास समिति अंब के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने दोनों पदों पर जीत दर्ज की। शारदा देवी अध्यक्ष और राजेश कुमार उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। पंचायत समिति अंब को लंबे समय बाद नया नेतृत्व मिलने से विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

उप मंडल अम्ब में खंड विकास समिति (बीडीसी) के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने शानदार जीत दर्ज करते हुए दोनों प्रमुख पदों पर कब्जा जमा लिया। कुठियाड़ी वार्ड की सदस्य शारदा देवी बीडीसी अध्यक्ष निर्वाचित हुईं, जबकि भटेड़ वार्ड के सदस्य राजेश कुमार उपाध्यक्ष चुने गए। इस जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई और समर्थकों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत करते हुए मिठाइयां बांटी।

शनिवार को अंब पंचायत समिति सभागार में बीडीसी अंब की तीसरी विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता एसडीएम अंब पारस अग्रवाल ने की। उल्लेखनीय है कि इससे पहले दो बार गणपूर्ति और अन्य राजनीतिक कारणों से अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद का चुनाव नहीं हो सका था। ऐसे में इस बार का चुनाव राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा था और सुबह से ही कांग्रेस तथा भाजपा दोनों दल अपने-अपने पक्ष में बहुमत होने का दावा कर रहे थे।

22 सदस्यीय पंचायत समिति में अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी शारदा देवी को 15 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा समर्थित स्तोथर वार्ड की प्रत्याशी निर्मला देवी को 7 मत मिले। इस प्रकार शारदा देवी ने 8 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।इसके बाद उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भी कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी राजेश कुमार ने जीत हासिल की। उन्हें 14 मत मिले, जबकि भाजपा समर्थित नैहरी नौरंगा वार्ड के प्रत्याशी रमन राजन को 8 मत प्राप्त हुए। इस जीत के साथ कांग्रेस ने पंचायत समिति अंब में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर अपना वर्चस्व स्थापित कर दिया।

चुनाव परिणाम घोषित होते ही पंचायत समिति परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। क्षेत्रीय विधायक सुदर्शन सिंह बबलू भी मौके पर पहुंचे और नवनिर्वाचित अध्यक्ष शारदा देवी तथा उपाध्यक्ष राजेश कुमार को फूल-मालाएं पहनाकर बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों जनप्रतिनिधि पंचायत समिति के माध्यम से क्षेत्र के समग्र विकास, जनहित और ग्रामीण समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।इस चुनाव परिणाम को अंब की स्थानीय राजनीति में कांग्रेस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक उठापटक के बाद आखिरकार पंचायत समिति अंब को नया नेतृत्व मिल गया है, जिससे अब विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।