राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धनेत में पुलिस विभाग का जागरूकता शिविर, विद्यार्थियों को नशे, साइबर अपराध और सामाजिक बुराइयों से रहने की दी सीख
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धनेत में पुलिस विभाग ने विद्यार्थियों को नशा, साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा और सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने डिजिटल सुरक्षा, कानून की जानकारी और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न भी पूछे।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उप-मंडल बंगाणा के धनेत में युवाओं को सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धनेत में पुलिस विभाग द्वारा एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, साइबर अपराध, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, सड़क सुरक्षा तथा विभिन्न सामाजिक बुराइयों के प्रति विस्तार से जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर ठगी, फर्जी कॉल, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और नशे जैसी चुनौतियाँ तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में प्रत्येक विद्यार्थी का जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, अपनी व्यक्तिगत और बैंक संबंधी जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें तथा सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी और संयम के साथ करें।
पुलिस अधिकारियों ने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास यदि किसी प्रकार की अवैध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को देने का आह्वान किया।शिविर के दौरान सड़क सुरक्षा नियमों की भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, यातायात नियमों के पालन तथा सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही बाल अधिकार, महिला सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस सहायता प्राप्त करने के तरीकों की भी जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और पुलिस अधिकारियों से साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया, कानून तथा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल और प्रभावी ढंग से उत्तर दिया। इस संवादात्मक सत्र ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करने के साथ-साथ उन्हें कानून और सुरक्षा के प्रति अधिक जागरूक बनाया।
विद्यालय प्रशासन ने पुलिस विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे शिविर युवाओं को सही दिशा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें समाज के प्रति अपने दायित्वों का बोध भी कराते हैं।विद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी पुलिस विभाग द्वारा इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि विद्यार्थी एक सुरक्षित, जिम्मेदार और जागरूक समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें।