Loading...

जिला में शस्त्रधारक अब इस दिन तक जमा करवाएं हथियार…

PARUL • 12 Apr 2024 • 1 Min Read

HNN/ऊना

जिला ऊना में सभी शस्त्रधारक 20 अप्रैल तक अपने लाइसेंसी शस्त्र जमा करवा सकते हैं। जिला दंडाधिकारी ऊना जतिन लाल ने जिले में लोकसभा चुनाव और दो विधानसभा उपचुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी शस्त्रधारकों को यह आदेश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि इससे पहले 25 मार्च को अंतिम तिथि तय गई थी, जिसे अब 20 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया। उन्होंने सभी शस्त्रधारकों से 20 अप्रैल तक अपने हथियार एवं गोला बारूद नजदीकी पुलिस थानों या फिर अधिकृत डीलर अथवा शस्त्र घर में जमा करवाने को कहा है। उन्होंने कहा कि आदेशों की अवहेलना करने वालों पर कानून के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि यह आदेश ड्यूटी पर तैनात सशस्त्र, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड, पुलिस कर्मी, राष्ट्रीयकृत-अधिसूचित वाणिज्यिक बैंकों के सुरक्षा गार्ड और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले कर्मियों पर लागू नहीं होंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय राइफल एसोसिएशन के विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग लेने वाले सदस्यों को भी आदेशों से छूट रहेगी।