Loading...

जिला स्तरीय होगा चुवाड़ी छिन्ज मेला- विधानसभा अध्यक्ष

Ankita • 24 Jun 2024 • 1 Min Read

कुलदीप सिंह पठानिया ने की चुवाड़ी में आयोजित छिन्ज मेले की अध्यक्षता

HNN/ चंबा

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि चुवाड़ी छिन्ज मेले (दंगल) को अगले वर्ष से ज़िला स्तरीय मेले के रूप से आयोजित किया जाएगा। मेले के प्रारूप को लेकर मेला आयोजन समिति जन सहमति के आधार पर मेले की रूपरेखा तय करे। कुलदीप सिंह पठानिया भटियात उपमंडल मुख्यालय के चुवाड़ी में आयोजित छिन्ज मेले की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।

विधानसभा अध्यक्ष ने आयोजन समिति को सफल आयोजन की बधाई देते हुए कहा कि मेले व त्यौहार हमारी सांस्कृतिक धरोहर का प्रमुख हिस्सा हैं। इसे संजोए रखना समाज के हर व्यक्ति का दायित्व है। इनसे सामाजिक सहयोग, समरसता, सौहार्द तथा भाईचारा बढ़ता है। उन्होंने छिन्ज मेला सिहुन्ता को उपमंडल स्तरीय करने की घोषणा भी अपने संबोधन में की।

उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान परिदृश्य में युवाओं का नशे की तरफ बढ़ता रुझान बेहद चिंता का विषय है। शारीरिक दमखम के लिहाज से इस तरह के आयोजनों से युवाओं को प्रेरणा अवश्य लेनी चाहिए। कुलदीप सिंह पठानिया ने बुद्धिजीवी वर्ग का आह्वान करते हुए कहा कि युवाओं को नशे की दलदल से बचाने के लिए आगे आए।

विधानसभा अध्यक्ष ने मेला आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए एक लाख ग्यारह हजार की राशि देने की घोषणा की। कुलदीप सिंह पठानिया ने इससे पहले छिंज मेले के शुभारंभ अवसर पर लख दाता मन्दिर से शुरू हुई शोभायात्रा की अगवाई की। विधानसभा अध्यक्ष को आयोजन समिति द्वारा पगड़ी पहनाकर सम्मानित भी किया गया।