जेएनवी ठियोग में जूनियर छात्रों से रैगिंग, 12वीं कक्षा के 5 छात्र निष्कासित
पीड़ित छात्रों ने सीनियर छात्रों पर पैसे मांगने का भी लगाया आरोप
HNN/ शिमला
जिला शिमला के जवाहर नवोदय स्कूल ठियोग में 12वीं के सीनियर छात्रों ने जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग की है। आरोपी 5 छात्रों को 15 दिन के लिए स्कूल से निष्कासित कर दिया है। बता दें पीड़ित छात्रों ने सीनियर छात्रों पर पैसे मांगने का भी आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई की रात करीब 11 बजे 12वीं कक्षा के 5 छात्र 10वीं कक्षा के होस्टल में गए और छात्रों को कपड़े धोने के लिए कहा और इस दौरान जब 10वीं कक्षा के छात्रों ने कपड़े धोने से मना कर दिया तो सीनियर छात्रों ने जूनियर छात्रों को पीटना शुरू कर दिया। स्कूल परिसर में लगे टेलिफोन बूथ से एक छात्र ने अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी।
घटना की जानकारी स्कूल प्रिंसिपल संजीता शौनिक को देने के बाद प्रिंसिपल ने खुद हॉस्टल पहुंचकर लड़ाई को रोका। एसडीएम ठियोग मुकेश शर्मा ने कहा कि जेएनवी ठियोग में रैगिंग का मामला सामने आया है। उन्होंने कहा कि आरोपी पांच छात्रों को 15 दिन के लिए निष्कासित कर दिया है।