Loading...

खेत की फेंसिंग में छोड़े बिजली के करंट से गाय की मौत, पशु चिकित्सक ने किया पोस्टमार्टम; मामला दर्ज

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 46 Mins Ago • 1 Min Read

नाहन क्षेत्र के रामपुर-कोलावालाभूड़ में खेत की फेंसिंग में कथित तौर पर छोड़े गए बिजली के करंट की चपेट में आने से एक गाय की मौत हो गई। गाय के मालिक की शिकायत पर पुलिस थाना नाहन में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपों को लेकर जांच शुरू कर दी है।

सिरमौर/नाहन

घास चराते समय फेंसिंग के पास पहुंची गाय

रामपुर निवासी रघुबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शाम करीब 4:30 बजे अपनी गाय को घास चराने के लिए ले जा रहा था। इसी दौरान गाय उसकी जमीन के पास स्थित एक खेत की फेंसिंग के नजदीक पहुंच गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि राजेश कुमार के खेत में लगी फेंसिंग में जानबूझकर बिजली का करंट छोड़ा गया था। गाय वहां घास चर रही थी कि अचानक वह करंट की चपेट में आ गई।

करंट लगते ही मौके पर गिरी गाय

शिकायत के अनुसार बिजली का तेज करंट लगने के बाद गाय मौके पर ही गिर गई। घटना के बाद पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाया गया, जिसने जांच के बाद गाय को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों की मौजूदगी में पशु चिकित्सक ने मृत गाय का पोस्टमार्टम किया। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना नाहन में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और मामले की आगामी जांच जारी है।

Related Topics: • •