जेओए आईटी पेपर लीक मामला, अब चपरासी की बेटी की परीक्षा भी…
HNN / हमीरपुर
जेओए आईटी की भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक मामले की मुख्य आरोपी उमा आजाद की पुलिस हिरासत बुधवार को खत्म हो गई। जिसके चलते विजिलेंस ने दोपहर बाद उसे हमीरपुर न्यायालय में उसकी पुलिस हिरासत बढ़ाने की मांग की, लेकिन विजिलेंस की दलीलों से संतुष्ट न होने से अदालत ने उमा आजाद को 16 जनवरी तक चौदह दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
वही, बुधवार को विजिलेंस थाना में आयोग के उपसचिव एवं एचएएस अधिकारी संजीव शर्मा और पूर्व सचिव जितेंद्र कंवर के कार्यालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मी (चपरासी) किशोरी लाल से पूछताछ की। किशोरी लाल की बेटी ने पूर्व में हुई जेओए आईटी की परीक्षा उत्तीर्ण की है। फिलहाल उसकी परीक्षा भी संदेह के दायरे में आ गई है। वही, विजिलेंस ने पेपर लीक मामले में कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया था।
अदालत ने इन सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। विजिलेंस ने आयोग के पूर्व सचिव जितेंद्र कंवर के कार्यालय से बरामद लैपटॉप, उमा आजाद के घर से कब्जे में लिए लैपटॉप और फोटो कॉपियर मशीन और दलाल संजीव कुमार के कोचिंग संस्थान से कब्जे में ली कंप्यूटर की हार्ड डिस्क को आगामी जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस विभाग को भेज दिया है।