जैसलमेर में हीटवेव से बीएसएफ जवान की हुई मौत
राजस्थान में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के कारण भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर जैसलमेर जिले में बीएसएफ के एक जवान की मौत हो गई है। मौत का प्रारंभिक कारण हीट स्ट्रोक माना जा रहा है। राजस्थान में हीट स्ट्रोक से अब तक कई लोग जान गंवा चुके हैं।
जैसलमेर में बॉर्डर पर हीट स्ट्रोक की चपेट में आया जवान अजय कुमार पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी का रहने वाला था। अजय भारत-पाक बॉर्डर पर भानु चौकी पर तैनात था। रविवार को जवान अजय की अचानक की तबीयत खराब हुई और कुछ देर बाद निधन हो गया।
जवान का शव रामगढ़ अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव को अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया गया। शहीद जवान को गार्ड ऑफ ऑनर देने के बाद अधिकारियों और जवानों ने पुष्प चक्र अर्पित कर जवान को श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद शव को जोधपुर रवाना किया गया, जहां से हवाई जहाज के माध्यम से उनके पैतृक गांव भेजा जाएगा। अजय कुमार की बहादुरी और देशसेवा को नमन करते हुए उन्हें अंतिम विदाई दी गई।