Loading...

जोगिंदर नगर उपमंडल के वर्षा प्रभावित परिवारों को वितरित की 96 राहत किट

Ankita • 4 Aug 2023 • 1 Min Read

HNN/ मंडी

जिला मंडी के जोगिंदर नगर उपमंडल के वर्षा प्रभावित परिवारों को आज मिनी सचिवालय परिसर जोगिन्दर नगर में 96 राहत किटों का वितरण किया गया। जिनमें पारिवारिक किट, आश्रय किट, स्वास्थ्य व सफाई तथा पीने के पानी की किट शामिल है। इस बारे जानकारी देते हुए एसडीएम जोगिन्दर नगर कृष्ण कुमार शर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश वालंटियर हेल्थ एसोसिएशन, शिमला तथा एमरी केयर इंडिया फाउंडेशन व हनी वैल कंपनी के माध्यम से जोगिंदर नगर उपमंडल के वर्षा प्रभावित परिवारों को आज 96 राहत किटों का वितरण किया गया है।

इन राहत किटों में वर्षा प्रभावित परिवारों को दो चादर, एक चटाई, एक मच्छरदानी, एक तिरपाल व रस्सी, स्वास्थ्य व सफाई संबंधी सामान तथा पीने के पानी की किट शामिल है वितरित की गई है। एसडीएम ने आपदा की इस मुश्किल समय में जोगिंदर नगर उपमंडल के वर्षा प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित करने के लिए गैर सरकारी संस्था हिमाचल प्रदेश वालंटियर हेल्थ एसोसिएशन, एमरी केयर इंडिया फाउंडेशन व हनी वैल कंपनी का आभार व्यक्त किया है।

इस मौके पर मौजूद हिमाचल प्रदेश वालंटियर हेल्थ एसोसिएशन शिमला के सचिव केवल राम सीरान्टा ने बताया कि एमरी केयर इंडिया फाउंडेशन व हनी वैल कंपनी के सहयोग से प्रदेश के जिला सोलन, मंडी व कुल्लू में वर्षा व बाढ़ प्रभावितों को कुल तीन हजार राहत किटों का वितरण किया जा रहा है। जिनमें मंडी जिला में आठ सौ तथा कुल्लू जिला में पांच सौ राहत किटों का वितरण किया जा चुका है। जिनमें से अकेले जोगिंदर नगर में ही आज 96 राहत किट वितरित की हैं।