जोगिंद्रनगर से कांगड़ा तक रेलगाड़ी में अब सिर्फ इतने घंटों में पूरा होगा सफर…..
HNN/मंडी
जिला मंडी में पठानकोट-जोगिंद्रनगर हेरिटेज रेलवे लाइन पर जोगिंद्रनगर से कांगड़ा तक का सफर रेलगाड़ी में अब सिर्फ तीन घंटे में पूरा होगा। दो बोगियों के साथ रेलवे स्टेशन पहुंची रेलगाड़ी में मौजूद रेलवे की निरीक्षण टीम ने इसके संकेत दिए हैं। रेलवे स्टेशन जोगिंद्रनगर के स्टेशन अधीक्षक विंद्र रावत द्वारा यह जानकारी दी गई है।
उन्होंने बताया कि नए साल से पहले कांगड़ा घाटी में दो रेलगाड़ियों को दौड़ाने की योजना है। इसमें एक रेलगाड़ी सुबह और दूसरी शाम के समय पर चलेगी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को बैजनाथ पपरोला से सुबह 9:30 बजे जोगेंद्रनगर के लिए रवाना हुई। रेलगाड़ी 11:30 मिनट पर स्टेशन में पहुंची। दोपहर 12:38 मिनट पर बैजनाथ पपरोला के लिए वापस रवाना हुई।
जिसके बाद रेलगाड़ी दोपहर 2:15 मिनट पर स्टेशन पहुंची। इसके उपरांत यह रेलगाड़ी कांगड़ा की ओर रवाना हुई। उन्होंने बताया कि जोगेंद्रनगर रेलवे स्टेशन से करीब 80 किलोमीटर दूर कांगड़ा जंक्शन के लिए चार बोगियां रेलगाड़ियों के साथ चलाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि इसमें करीब 200 से अधिक यात्री सफर कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि करीब 80 किलोमीटर दूर कांगड़ा मंदिर तक प्रत्येक यात्री को 40 रुपये किराया अदा करना होगा। बैजनाथ पालमपुर से यात्रियों को 30 रुपये चुकाने होंगे। उन्होंने कहा कि इस रूट के तहत आने वाले अन्य रेलवे स्टेशन, सुलह, परौर, चामुंडा मार्ग, नगरोटा, समलोटी के यात्रियों को भी रेलगाड़ी के सफर का लाभ मिलेगा।