ज्वाल खड्ड और बगस्याड़ नाला में होगा तटीकरण, उपमुख्यमंत्री ने किया शिलान्यास
HNN/मंडी
हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को सराज में विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में लंबाथाच पंचायत के लिए एक रोड और 4.41 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली उठाऊ सिंचाई योजना हलीन और बलैंढ़ा शामिल हैं। इसके अलावा ज्वाल खड्ड और बगस्याड़ नाला में बाढ़ नियंत्रण कार्य का भी शिलान्यास किया गया है।
इन कार्यों पर लगभग 3.24 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन योजनाओं के पूरा होने का अनुमान डेढ़ वर्ष और बाढ़ नियंत्रण कार्य का एक वर्ष है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सराज विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग के थुनाग मंडल के माध्यम से वर्तमान में लगभग 144 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी क्षेत्रों का संतुलित विकास कर रही है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष के गृह क्षेत्र में विकास कार्यों की गति बनाए रखने की बात कही और राजनीति को नीतियों और विचारधारा तक सीमित रखने की आवश्यकता जताई। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि हाल की घटनाओं के संदर्भ में कानून के दायरे में रहकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। इसके साथ ही प्रदेश सरकार ने सहकारी विभाग का पूर्ण कम्प्यूटरीकरण करने का निर्णय लिया है, जिससे सहकारिता क्षेत्र में धांधलियों पर रोक लगेगी।