Loading...

झुग्गियों में आग लगने से तीन परिवार हुए बेघर, महिला झुलसी

PRIYANKA THAKUR • 26 Dec 2022 • 1 Min Read

HNN / सोलन

हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में आज एक भीषण अग्निकांड पेश आया। यहां प्रवासियों की झुग्गियों में अचानक आग लग गई, जिसके चलते अंदर रखा सारा सामान राख के ढेर में तब्दील हो गया है। इतना ही नहीं इस आगजनी की घटना में एक महिला भी झुलसी है, जिसे उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया है।

जानकारी के अनुसार यह आगजनी की घटना बद्दी शहर में किशनपुरा स्थित फौजी कॉलोनी में पेश आई। यहाँ एक झुग्गी में आग लग गई। देखते ही देखते साथ लगती दो झुग्गियां भी इसकी चपेट में आ गई। आग लगती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इस दौरान आग में एक महिला झुलस गई है, जिसकी पहचान राम देवी के रूप में हुई है। इस आगजनी की घटना से 3 परिवार बेघर हो गए हैं। उधर, फ़ायर ऑफ़िसर जेपी सिंह ने बताया कि झुग्गियों में आग लगने की सूचना मिलते ही वह मौक़े पर टीम के साथ पहुंचे और आग पर क़ाबू पाया। झुग्गियों के जलने से 5 लाख का नुक्सान हुआ है। तो वही, 7 लाख की संपत्ति को जलने से बचाया गया है ।