टकोली विद्यालय में एनएसएस शिविर द्वारा योग से निरोग रहने के सीखे गए तरीके
HNN/ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उप तहसील जोल के अंतर्गत आने वाले राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टकोली में राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर के तीसरे दिन मुख्यातिथि के रूप में आयुष विभाग खुरवाई से योग मार्गदर्शक विजय कुमार शर्मा द्वारा योग के माध्यम से बच्चों को शरीर को निरोग रखने के तरीके सीखाकर सेहतमंद रहने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि योग से मनुष्य निरोगी बन सकता है, क्योंकि इसके माध्यम से हम शारीरिक मानसिक स्तरों पर अपने शरीर को स्वस्थ रख सकते हैं। उन्होंने बच्चों को बताया कि अगर स्वस्थ रहना है तो प्रतिदिन योग करना अनिवार्य है। योग आत्मा को परमात्मा से जोड़ने का एकमात्र साधन है। योग करने से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है।
इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य त्रिलोक चंद शर्मा ने कहा कि जीवन के किसी भी क्षेत्र में सफल होने के लिए सबसे पहले अपने तन और मन को स्वस्थ रखना आवश्यक है। जीवन में किसी भी भौतिक सुख का अनुभव वही व्यक्ति प्राप्त कर सकता है जिसका तन और मन स्वस्थ है। इस अवसर पर एनएसएस प्रभारी हरमेश चंद, पूजा कुमारी व समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।