टनल के अंदर दुर्घटनाग्रस्त हुई बाइक, 19 वर्षीय युवक की मौत
HNN/ सोलन
पुलिस थाना सदर सोलन के अंतर्गत शमलेच टनल में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, यहां टनल के अंदर एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चालक की जान चली गई है। मृतक की पहचान राहुल पुत्र राकेश कुमार, निवासी गांव बठोल (धर्मपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, राहुल अपनी बाइक पर सवार होकर सोलन से अपने घर धर्मपुर की तरफ जा रहा था। इस दौरान उसने शमलेच टनल के समीप अपने साथ चल रहे एक अन्य बाइक को तेज रफ्तारी से ओवरटेक किया और वह टनल के अंदर दीवार से टकरा गया।
हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटना के संदर्भ में धारा 281, 106 (1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।