टौंस नदी में डूबा उत्तराखंड का 19 वर्षीय युवक, गई जान

By Ankita Published: 26 Mar 2023, 6:19 PM | Updated: 26 Mar 2023, 6:19 PM 1 min read

HNN/ पांवटा साहिब

जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में हिमाचल-उत्तराखंड की सीमा पर टौंस नदी में उत्तराखंड का 19 वर्षीय युवक डूब गया, जिस कारण उसकी मौत हो गई है।

मृतक की पहचान 19 साल के हिमांशु पुत्र राजेन्द्र सिंह निवासी कालसी (उत्तराखंड) के तौर पर हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर उसके परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही अमल में लाई है।

जानकारी के मुताबिक, हिमांशु अपने दोस्तों के साथ खोदरी माजरी के पास नदी में नहाने के लिए गया हुआ था। इस दौरान नहाते हुए अचानक ही वह गहरे पानी में डूब गया। जिसके बाद उसके साथ मौजूद उसके दोस्त डर कर वहां से भाग गए।

जब वहां से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने उसका शव खोदरी माजरी में सूखी जगह पर पड़ा हुआ देखा तो उसने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर वहां मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए।

मामले की पुष्टि डीएसपी पांवटा रमाकांत ठाकुर ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।