ट्रैवल एजेंट के सिर पर युवक ने बोतल से किया हमला, मामला दर्ज
HNN/ऊना
जिला ऊना में उपमंडल हरोली के तहत आने वाले घालूवाल में ट्रैवल एजेंट के साथ मारपीट किए जाने का मामला संज्ञान में आया है। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान विशाल कुमार निवासी 154 बी1 सेक्टर-2 नया नंगल पंजाब के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित जगमोहन सिंह पुत्र सुरजीत सिंह निवासी दौलतपुर ढक्की, हरोली ने विशाल कुमार को वर्क वीजा पर कुवैत भेजा था, लेकिन कंपनी से उसे 12-13 दिन बाद वापस भारत भेज दिया गया।
इसके बाद विशाल ने उनके खिलाफ थाना सदर में शिकायत दी। जिस पर दोनों पक्षों को 3 जनवरी को थाने में बुलाया गया। पुलिस के सामने दोनों पक्षों का समझौता हुआ। जिसके बाद जगमोहन सिंह देर रात करीब 10:45 बजे अपनी गाड़ी में ऊना की ओर से अपने घर दौलतपुर ढक्की जा रहे थे। इस दौरान उसके साथ गाड़ी में दो अन्य लोग भी सवार थे। तभी जब वह घालूवाल चौक से थोड़ा आगे पहुंचे तो विशाल कुमार ने उनके आगे अपनी गाड़ी खड़ी कर दी।
जब वह गाड़ी से उतरा तो आरोपी विशाल अपने दो साथियों के साथ बाहर आया और बहसबाजी करने लगा। इस दौरान आरोपी ने उसके सिर पर बोतल मारकर उसे घायल कर दिया और अपने साथियों के साथ गाड़ी में बैठकर वहां से फरार हो गया। जिसके बाद गाड़ी में बैठे दो अन्य लोग उसे उपचार के लिए ऊना अस्पताल ले गए। जिसके बाद उसने पुलिस थाना हरोली में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी हरोली द्वारा मामले की पुष्टि की गई है।