ठंड से बचने के लिए कमरे में जलाई अंगीठी, सिरमौर के दो युवकों की मौत, 7 अस्पताल में भर्ती..
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में कमरे के अंदर ठंड से बचने के लिए अंगीठी जलाना कुछ युवकों को इतना भारी पड़ गया कि उन्हें अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। इस दौरान दम घुटने से दो युवकों की जहां मौत हो गई तो वही सात अन्य की गंभीर हालत बनी हुई है जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मामला शिमला जिला के रामपुर उपमंडल के कोटगढ़ की जरोल पंचायत के जब्बलपुर गांव का है। यहाँ सिरमौर जिला के श्री रेणुका जी निवासी मजदूर मकान के निर्माण कार्य में जुटे हुए थे। इसी दौरान मजदूरों ने ठंड से बचने के लिए कमरे में अंगीठी जलाई। जिसके बाद मजदूरों ने दरवाजा बंद किया और वह सो गए।
सुबह के वक्त सभी मजदूर बेहोशी की हालत में मिले। जिसके बाद सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया जहां पर सिरमौर जिला के रेणुका के चाडना गांव निवासी रमेश (22) और सुनील (21) की मौत हो गई जबकि अन्य मजदूरों का उपचार कोटगढ़ अस्पताल में चल रहा है।
डीएसपी रामपुर चंद्रशेखर ने पुष्टि करते हुए बताया कि अंगीठी की गैस लगने से दो मजदूरों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि बाकी मजदूरों का अस्पताल में उपचार करवाया गया है।