डमटाल थाना क्षेत्र में नशा तस्करी की आरोपी महिला तीन माह के लिए नजरबंद , वित्तीय जांच भी शुरू
Himachalnow / कांगड़ा
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, बार-बार गिरफ्तारी के बावजूद नहीं छोड़ा नशे का धंधा
छन्नी गांव में पकड़ी गई महिला तस्कर
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के डमटाल थाना अंतर्गत छन्नी गांव की रहने वाली एक महिला को नशा तस्करी के मामलों में बार-बार संलिप्त पाए जाने पर तीन महीने के लिए नजरबंद किया गया है। आरोपी महिला की पहचान पिंकी निवासी छन्नी, तहसील इंदौरा के रूप में हुई है।
पंजाब निवासी आरोपी से मिला सुराग
23 मार्च 2024 को छन्नी गांव में नूरपुर पुलिस द्वारा की गई छापेमारी के दौरान पंजाब के गुरदासपुर जिले के बनाल गांव निवासी बलविंद्र उर्फ सूरज से 7.92 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। मामले की जांच में सामने आया कि इस तस्करी में पिंकी की भी सक्रिय भूमिका रही।
पहले भी हो चुकी है गिरफ्तार
पुलिस ने पिंकी को 10 अप्रैल 2024 को गिरफ्तार किया था। यह कोई पहला मामला नहीं था। इससे पहले भी उसे एनडीपीएस के तहत कई बार गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन उसने नशे का धंधा जारी रखा।
पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत नजरबंदी
नशे के अवैध व्यापार में लगातार सक्रिय रहने के चलते नूरपुर पुलिस ने 26 सितंबर 2024 को गृह सचिव को पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा था। उस पर डिटेंशन अथॉरिटी ने कार्रवाई करते हुए पिंकी को तीन माह के लिए नजरबंद रखने के आदेश जारी कर दिए हैं।
संपत्ति की जांच भी शुरू
पुलिस अब पिंकी की संपत्ति की वित्तीय जांच भी कर रही है। यदि उसकी संपत्ति नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी पाई जाती है तो नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। एसपी अशोक रतन ने कहा कि नूरपुर पुलिस नशे के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है और नशे के अवैध धंधे से जुड़े लोगों पर कानून के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।