डलहौजी में होटल मैनेजर की हत्या, दो पुलिस कर्मी गिरफ्तार और निलंबित
Himachalnow / चंबा
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के बनीखेत में एक निजी होटल में हुए झगड़े के बाद होटल मैनेजर की मौत का मामला सामने आया है। घटना में दो पुलिस कर्मियों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। साथ ही, उन्हें नौकरी से निलंबित कर दिया गया है।
घटना नए साल की रात की बताई जा रही है, जब ड्यूटी के बाद डलहौजी से लौटते समय आरोपी पुलिसकर्मी एक निजी होटल में चले गए। वहां किसी बात पर बहस बढ़ने के बाद झगड़ा हुआ। इस झगड़े के दौरान होटल मैनेजर राजिंद्र मल्होत्रा और एक अन्य कर्मचारी सचिन रैंप से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत डलहौजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान होटल मैनेजर की मौत हो गई, जबकि घायल कर्मचारी को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने चंबा-भरमौर नेशनल हाईवे पर पांच घंटे तक चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच जारी
पुलिस ने मामले में आरोपी पुलिस कर्मियों अमित कुमार और अनूप कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल से फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। होटल में लगे सीसीटीवी फुटेज में झगड़े और बहसबाजी की आवाजें रिकॉर्ड हुई हैं, जिसमें गाली-गलौज साफ सुनाई दे रही है।
तीसरे पुलिसकर्मी को क्लीन चिट
घटना के समय मौजूद तीसरे पुलिसकर्मी को हाथापाई में शामिल नहीं माना गया है। इसलिए उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
स्थानीय आक्रोश और निष्पक्ष जांच की मांग
घटना के बाद क्षेत्र में गुस्सा और तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों ने निष्पक्ष जांच और आरोपियों को सख्त सजा की मांग की है। वहीं, पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की पूरी पारदर्शिता से जांच की जाएगी।