डिपुओं में जल्द ही मिलेंगी दालें / दो महीने का मिलेगा कोटा , साथ ही यह दाल हुई इतने रुपए सस्ती
उड़द दाल के दामों में राहत, इनकम टैक्स देने वालों को महंगी मिलेगी
हिमाचल प्रदेश में राशन कार्ड उपभोक्ताओं के लिए जनवरी से राहत भरी खबर है । राज्य आपूर्ति निगम ने गोदामों में दालों की आपूर्ति पूरी कर ली है और अगले महीने उपभोक्ताओं को दो महीने का कोटा एक साथ मिलेगा।
सस्ती दरों पर उपलब्ध होंगी ये दालें
डिपुओं में चना दाल, मलका मसूर और उड़द की दाल उपभोक्ताओं को रियायती दरों पर उपलब्ध करवाई जाएगी। राज्य आपूर्ति निगम ने प्रदेश भर में 1.60 लाख क्विंटल दालों की आपूर्ति की है। इसमें से 80,000 क्विंटल चना दाल, जबकि शेष मलका मसूर और उड़द दाल शामिल हैं। एनएफएसए (राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम) उपभोक्ताओं को उड़द की दाल 58 रुपये प्रति किलो में मिलेगी, जो पहले 63 रुपये प्रति किलो थी।
इनकम टैक्स देने वालों के लिए दाल महंगी
हालांकि, इनकम टैक्स देने वालों को उड़द की दाल महंगी दरों पर मिलेगी। पहले 83 रुपये किलो मिलने वाली उड़द दाल अब 93 रुपये प्रति किलो होगी। वहीं, एपीएल परिवारों को यह दाल 68 रुपये प्रति किलो की दर पर मिलेगी, जो पहले 73 रुपये थी।
उपभोक्ताओं को बड़ी राहत
डिपुओं में दालें उपलब्ध होने से उपभोक्ताओं को बाजार के मुकाबले सस्ती दरों पर राशन मिलेगा। कुल 19.65 लाख राशन कार्डधारक और 5300 डिपो के माध्यम से यह योजना लागू की जाएगी। उपभोक्ताओं को चना दाल 65 रुपये प्रति किलो, मलका मसूर बीपीएल को 56 रुपये, एपीएल को 66 रुपये और आयकरदाताओं को 91 रुपये प्रति किलो की दर पर दी जाएगी।
जनवरी में तेल के टेंडर की उम्मीद
सिविल सप्लाई के एरिया प्रबंधक संजीव वर्मा ने बताया कि जिला ऊना और हमीरपुर के लिए 2900 क्विंटल उड़द दाल प्राप्त हो चुकी है। इसके साथ ही, जनवरी के पहले सप्ताह में खाद्य तेल का टेंडर पूरा होने की संभावना है।