Loading...

त्रिलोकपुर में 16 हजार दीपों से सजेगी शिव-गौरा महाआरती, अष्टमी और चौदस पर होगा आयोजन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

त्रिलोकपुर स्थित महामाया माता बाला सुंदरी मंदिर परिसर के शिव मंदिर में अष्टमी और चौदस पर शिव-गौरा महाआरती आयोजित की जाएगी। दोनों अवसरों पर 16 हजार देशी घी के दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। मंदिर प्रशासन ने आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली हैं और इसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

नाहन/त्रिलोकपुर

नवरात्र के प्रथम दिन भी शिव मंदिर परिसर को हजारों दीपों से रोशन किया गया था। अब अष्टमी और चौदस की विशेष महाआरती के दौरान दीपों की रोशनी से शिव मंदिर और आसपास का क्षेत्र जगमगाएगा। मंत्रोच्चारण के बीच होने वाली महाआरती में माता बाला सुंदरी के श्रद्धालुओं के साथ मंदिर न्यास के पदाधिकारी और स्थानीय लोग भी भाग लेंगे।

पिछले वर्ष आठ हजार दीपों से हुई थी महाआरती

महामाया माता बाला सुंदरी मंदिर में पिछले वर्ष नवरात्र के दौरान पहली बार शिव-गौरा महाआरती का आयोजन किया गया था। तत्कालीन एसडीएम राजीव शांख्यान की अगुवाई में अष्टमी पर हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे। उस समय शिव सरोवर में करीब आठ हजार दीप प्रज्वलित किए गए थे। पिछले आयोजन को मिले उत्साहजनक प्रतिसाद के बाद इस बार दीपों की संख्या बढ़ाकर 16 हजार की गई है।

अष्टमी और चौदस की महाआरती में शामिल होंगे अधिकारी

तहसीलदार उपेंद्र चौहान ने बताया कि पिछले वर्ष की तर्ज पर इस बार भी शिव-गौरा महाआरती का आयोजन किया जा रहा है और सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अष्टमी की शाम होने वाली महाआरती में नाहन के विधायक अजय सोलंकी शामिल होंगे। चौदस की महाआरती में उपायुक्त प्रियंका वर्मा और एसडीएम राजीव शांख्यान शिरकत करेंगे। दोनों आयोजनों में मंदिर न्यास के पदाधिकारी और स्थानीय लोग भी उपस्थित रहेंगे।