Loading...

डीजल पर वैट बढ़ोतरी वापिस ले कांग्रेस सरकार- भाजपा

Ankita 15 Jul 2023 Edited 15 Jul 1 min read

सीधे खातों में ट्रांसफर हो बाढ़ प्रभावितों को मुआवजा

HNN/ नाहन

प्रदेश कांग्रेस सरकार ने डीजल पर जो 3 रूपए प्रति लीटर बढ़ोतरी की है, उसे तत्काल वापस लिया जाए। सिरमौर भाजपा ने डीजल पर वैट को बढ़ाए जाने के फैसले की कड़े शब्दों में निंदा की है। साथ ही राज्य सरकार से मांग की है कि प्रदेश के बाढ़ प्रभावितों को राहत राशि तत्काल ही बैंक खातों में ट्रांसफर की जाए।

शनिवार दोपहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष विनय गुप्ता ने कहा कि सुक्खू सरकार ने सत्ता संभालते ही डीजल व पैट्रोल पर वैट में इजाफा किया था। मौजूदा में समूचा प्रदेश प्राकृतिक आपदा से त्रस्त है, वहीं दोबारा जनता की जेब पर डाका डाला गया है। विनय गुप्ता ने कहा कि तत्काल प्रभाव से वैट की दरों को वापस लिया जाना चाहिए।

उनका कहना था कि समूचे सिरमौर में सड़कें, पुल, घर व पेयजल योजनाएं इत्यादि बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई हैं। किसानों की फसलें खेतों में सड़ रही हैं। सरकार को तुरंत ही प्रभावितों के खातों में राहत राशि ट्रांसफर करनी चाहिए। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार राज्य में आपदा से नुकसान को लेकर चिंतित है।

प्रधानमंत्री सहित गृहमंत्री ने सूबे के मुख्यमंत्री से हालात की जानकारी ली। मौजूदा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं। विनय गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रदेश को 180.40 करोड़ की आर्थिक मदद की पहली किस्त जारी की है।

उन्होंने आर्थिक राशि प्रदान करने पर केंद्र सरकार का आभार भी प्रकट किया। भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि आपदा में पार्टी हरेक प्रभावित के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उनका कहना था कि प्रदेश ने इस स्तर की आपदा को पहले नहीं देखा। पत्रकारवार्ता में मंडल अध्यक्ष प्रताप ठाकुर, पूर्व जिला परिषद सदस्य मनीष चौहान व राकेश गर्ग आदि मौजूद रहे।

Related Topics: