डीजल भट्ठी से नमकीन उद्योग में भड़की आग, एक कामगार झुलसा
HNN/ ऊना
जिला ऊना में नजदीकी कुरियाला में नमकीन उद्योग में डीजल भट्ठी से भीषण अग्निकांड हुआ है। इस घटना में एक कामगार भी झुलस गया है। घायल कामगार को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती कराया गया है।
घायल की पहचान 42 वर्षीय महराज आलम मूल निवासी चंगी बस्ती किशनगढ़ बिहार के रूप में हुई है। इस घटना में करीब 50 हजार रुपये के नुकसान होने का आकलन किया गया है। इसके अलावा अग्निशमन विभाग ने 10 लाख रुपये की संपत्ति को राख होने से बचा लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, ऊना से सटे कुरियाला स्थित उद्योग में डीजल भट्ठी से निकली चिंगारी ने पास में ही तेल के ड्रम को अपनी चपेट में ले लिया और आग फैल गई। हादसे के वक्त उद्योग में दो मजदूर नमकीन बनाने के काम में जुटे थे। इस दौरान आग की लपटों पर काबू पाने के प्रयास में कामगार करीब 25 फीसदी तक झुलस गया।
घायल कामगार को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती कराया गया है। घटना में आसपास पड़े डिब्बों सहित कुछ सामान भी जल गया है। वहीं सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुँच गई थी। अग्निशमन विभाग ने मौके पर आग पर काबू पा लिया था।