Loading...

ढाबे के समीप खड़ी गाड़ी से पुलिस ने बरामद की नशे की खेप, दो गिरफ्तार

PRIYANKA THAKUR • 17 Dec 2022 • 1 Min Read

HNN / सोलन

जिला पुलिस द्वारा रोज नाकाबंदी की जा रही है। जिसके चलते पुलिस ना केवल नशा तस्करों को पकड़ रही है बल्कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर भी शिकंजा कस रही है। इसके बावजूद भी जिले में नशा तस्कर तस्करी करने से बाज नहीं आ रहे हैं।

अब जिला के कुनिहार में पुलिस ने गश्त के दौरान दो युवकों के कब्जे से चरस की खेप बरामद की है। आरोपियों की शिनाख्त नरेश कुमार व दिलीप कुमार निवासी चौपाल जिला शिमला के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार पुलिस की टीम जाडली के समीप गश्त कर रही थी।

इस दौरान उन्होंने देखा कि जनता ढाबा बंद होने के बाद भी वहां एक गाड़ी खड़ी है। पुलिस काफी देर तक गाड़ी में सवार दोनों युवकों की हरकतों को देखती रही। जब दोनों युवक गाड़ी से बाहर नहीं आए, तो पुलिस को उन पर शक हुआ। इसके बाद पुलिस गाड़ी के समीप पहुंची और उन्होंने उसमें सवार दोनों युवकों को बाहर आने के लिए कहा।

पुलिस को देखकर दोनों युवक घबरा गए। युवकों को घबराता देख पुलिस ने उनकी तलाशी ली। इस दौरान उनके कब्जे से 180 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने चरस को कब्जे में लेकर दोनों को गिरफ्तार कर मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है।