तकनीकी विवि हमीरपुर में 10 मई को होगा कॉमन एंट्रेंस टेस्ट
HNN/हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विवि हमीरपुर में 10 मई को कॉमन एंट्रेंस टेस्ट-2024 होगा। यह परीक्षा बीटैक, बीफार्मेसी, एमबीए, एमबीए पर्यटन व एमसीए में तकनीकी विश्वविद्यालय परिसर और संबंधित शिक्षण संस्थानों में प्रवेश लेने के लिए आयोजित की जाती है। तकनीकी विवि के कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक कमल देव सिंह कंवर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश कॉमन एंट्रेंस टेस्ट को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र के साथ एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी वेबसाइट से अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा के लिए 13 स्थानों पर कुल 16 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिसमें बिलासपुर, चम्बा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन, सिरमौर, ऊना जिले में एक-एक परीक्षा केंद्र है। इसके अलावा हमीरपुर जिले में 3, कांगड़ा जिले के नूरपुर, धर्मशाला में एक-एक और पालमपुर में 2 परीक्षा केंद्र होंगे।
प्रदेश से बाहर सिर्फ चंडीगढ़ में ही एक परीक्षा केंद्र होगा। बीटेक, बीफार्मेसी और एमसीए की प्रवेश परीक्षा सुबह के सत्र में होगी जबकि एमबीए, एमबीए पर्यटन की परीक्षा सायं के सत्र में आयोजित की जाएगी। धर्मशाला, हमीरपुर, मंडी और सोलन में दोनों सत्रों में परीक्षाएं होंगी।
कॉमन एंट्रेंस टेस्ट के लिए 8715 अभ्यर्थियों के आवेदन आए हैं, जिसमें बीटेक के लिए सबसे ज्यादा 4363 अभ्यार्थियों के आवेदन आए हैं। वहीं बीफार्मेसी के लिए 3123, बीटेक और बीफार्मेसी के लिए 474, एमसीए के लिए 333 और एमबीए व एमबीए पर्यटन की प्रवेश परीक्षा के लिए 422 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं।