तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर में इस दिन से होगी स्पॉट काऊंसलिंग….
HNN/ हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने बी फार्मेसी, बीटेक (डायरेक्ट एंट्री), एमबीए, एमबीए पर्यटन, एमसीए, एमटेक, एमएससी भौतिक विज्ञान, पर्यावरण विज्ञान, एम फार्मेसी, बीएससी एचएमसीटी, बीएचएमसीटी, बीबीए व बीसीए की खाली सीटों को भरने के लिए स्पॉट काउंसिलिंग करने का निर्णय लिया है।
तकनीकी विवि ने स्पॉट काउंसिलिंग का शेड्यूल जारी किया है। तकनीकी विवि के अधिष्ठाता शैक्षणिक प्रो. जयदेव ने कहा कि तकनीकी विवि परिसर व संबंधित सभी सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों में विभिन्न कोर्सों की खाली सीटें को पात्र योग्यता की मैरिट के आधार पर स्पॉट काउंसिलिंग से भरा जाएगा, जिसके लिए काउंसिलिंग शेड्यूल जारी किया है।
बी फार्मेसी (डायरेक्ट एंट्री) की काउंसिलिंग संबंधित शिक्षण संस्थान में 16 अगस्त को होगी, जहां सीटें खाली है। वहीं बीटेक (डायरेक्ट एंट्री) की स्पॉट काउंसिलिंग 17 अगस्त को तकनीकी विवि परिसर में ही आयोजित की जाएगी। एमबीए, एमसीए, एमबीए पर्यटन, एमटेक (सीएसई), एमएससी भौतिक विज्ञान, पर्यावरण विज्ञान की स्पॉट काउंसिलिंग 18 अगस्त को तकनीकी विवि परिसर में होगी।
इसके अलावा एमटेक (सिविल) की काउंसिलिंग इंजीनियरिंग कॉलेज सुंदरनगर और एम फार्मेसी, बीएससी एचएमसीटी, बीएचएमसीटी, बीबीए, बीसीए की स्पॉट काउंसिलिंग संबंधित शिक्षण संस्थानों में ही 18 अगस्त को आयोजित की जाएगी। अधिष्ठाता शैक्षणिक ने कहा कि स्पॉट काउंसिलिंग से संबंधित शेड्यूल व विस्तार पूर्वक जानकारी तकनीकी विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध है।