तपोवन विधानसभा परिसर में 4 से 5 लेयर में होगी सुरक्षा व्यवस्था
HNN/ धर्मशाला
हिमाचल विधानसभा के शीत सत्र में इस बार सुरक्षा प्रबंधों को कड़ा किया जा रहा है। विधानसभा परिसर के गेट में एंट्री से लेकर दर्शकदीर्घा तक 4-5 लेयर में सुरक्षा प्रबंधों को सख्त किया जाएगा।
इसमें दर्शकों के एंट्री पास गेट पर ही नहीं बल्कि परिसर में भी चैक किए जाएंगे। साथ ही इस बार दर्शकों के विधानसभा के पास काऊंटर पर पास बनने के साथ ही इसकी सूचना गेट पर तैनात पुलिस कर्मियों तक भी पहुंचाई जाएगी। जिससे कि एंट्री पास लेकर विधानसभा परिसर में प्रवेश करने वालों की पूरी जानकारी गेट पर भी उपलब्ध रहेगी। साथ ही दर्शक दीर्घा में बैठने वालों की भी जानकारी पुलिस के पास रहेगी।
वहीं, परिसर में मंत्रियों के कमरों तक फरियाद लेकर अथवा मिलने पहुंचने वालों के पास भी पुलिस जवानों द्वारा जांचे जाएंगे। विधानसभा सदन के प्रवेश द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित होंगे। वहीं, परिसर और आसपास के क्षेत्र में ड्रोन से नजर रखी जाएगी।